रायपुर। राजधानी के सदानी दरबार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में गुरुवार देर रात अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बैंक परिसर की जांच की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कुछ कमियां भी सामने आईं, जिन्हें दूर करने के लिए बैंक प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए।
रात 2 से 2:30 बजे के बीच बजा अलार्म
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच बैंक का इमरजेंसी अलार्म अचानक सक्रिय हो गया। इसकी सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अभनपुर थाना प्रभारी आशीष यादव और माना थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और अलार्म बजने के कारणों के साथ सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की।
बैंक मैनेजर को बुलाकर दिए सुरक्षा सुधार के निर्देश
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक मैनेजर को मौके पर बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों की जानकारी दी। विशेष रूप से बैंक के पिछले हिस्से में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अन्य सुरक्षा संबंधी खामियों को भी तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि भविष्य में किसी संभावित वारदात को रोका जा सके।
रात में बैंकों और एटीएम पर पुलिस की निगरानी
रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, रात के समय बैंक, एटीएम, सार्वजनिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रात्रिकालीन गश्त और त्वरित कार्रवाई के जरिए आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
