कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर से भाजपा विधायक आशाराम नेताम का आधिकारिक WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हैकर्स उनके नंबर से क्षेत्र के लोगों और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक आशाराम नेताम ने वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक हो गया है और इसके जरिए रुपये मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं।
विधायक ने समर्थकों और आम लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से पैसे मांगने वाला कोई भी मैसेज आने पर भरोसा न करें और किसी तरह का ऑनलाइन लेन-देन न करें। मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। FIR दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
