बंगलादेश महिला टीम में फिटनेस और अनुशासन की कमी है: सरवर

Follow Us

ढाका। बंगलादेश महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच सरवर इमरान का मानना है टीम में फिटनेस और अनुशासन की कमी है और खिलाड़ियों को उनके ‘कंफर्ट जोन’ से बाहर निकालने का प्रयास करने का उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा। अक्टूबर 2026 में एशियाई खेलों के बाद सरवर का अनुबंध खत्म हो गया, जिसे बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आगे नहीं बढ़ाया। उनकी जगह डेविड हेम्प को मुख्य कोच नियुक्त किया गया। बोर्ड ने इसके पीछे उनके स्वभाव को लेकर चिंता जताई थी। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने भी सरवर के बर्ताव को लेकर बोर्ड से शिकायत की थी और उनके काम करने के तरीके पर असुविधा जताई थी।

सरवर ने पहले ही बताया था कि एशियाई खेलों से बंगलादेश के बाहर होने के बाद ड्रेसिंग रूम में काफी तनाव था, जिसके चलते बोर्ड ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया था। हालांकि, बंगलादेश क्रिकेट के लिए उनकी लंबे समय तक दी गई सेवाओं को ध्यान में रखते हुए, बीसीबी ने अंततः नोटिस जारी करने का अपना इरादा छोड़ दिया। मंगलवार को ‘एकात्तुर टीवी’ के हवाले से सरवर ने कहा, “एशियाई खेलों और एशिया कप के बाद बीसीबी ने मुझसे कोई बातचीत नहीं की। मुझे बस एक पत्र मिला कि मैं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं जा रहा हूं, क्योंकि मेरी जगह कोई और कोच जा रहा है। बीसीबी के साथ मेरी बस इतनी ही बातचीत हुई। उन्होंने जहां तक मेरे ‘गुस्सैल स्वभाव’ की बात है, तो जब मैं महिला टीम से जुड़ा, तो मैंने देखा कि बल्लेबाजी कोच, स्पिन गेंदबाजी कोच, क्षेत्ररक्षक कोच, ट्रेनर और फिजियो – सभी बहुत शांत रहते थे। वे महिला क्रिकेटरों की हर बात मान लेते थे, जबकि इस ‘कंफर्ट ज़ोन’ में रहकर खिलाड़ी कभी बेहतर नहीं बन सकते। यही वजह है कि हमारी टीम आज भी वैसी ही है, जैसी पाँच साल पहले थी।”

आईपीएल की बड़ी डील: हार्दिक पांड्या पंजाब में गए, अर्शदीप मुम्बई मे हुए शामिल

उन्होंने बताया, “एक स्पिनर 30 गेंदें फेंकने के बाद कोच से कह देती है कि वह अब और गेंदबाजी नहीं करेगी, और कोच भी मान जाते हैं। एक या दो बल्लेबाज पूरा दिन बल्लेबाजी करते रहते हैं। यह सब देखकर मैंने दखल देना शुरू किया। मैंने उनकी फिटनेस को लेकर भी हस्तक्षेप किया। जब मुझे उन्हें डांटने की जरूरत पड़ी, तो मैंने डांटा भी। अगर आप इसे ‘गुस्सैल स्वभाव’ कहते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि बंगलादेश क्रिकेट कभी बेहतर हो पाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे लगा था कि मैं उनमें सुधार ला सकता हूँ। हमने सात-आठ दौरे किए, लेकिन बस एक-दो दौरों में खराब प्रदर्शन के कारण सब कुछ खत्म हो गया। मेरी अपनी गरिमा है, मुझे पता है कि मैं क्या कर सकता हूँ और मैं दिखावे के लिए काम नहीं करता।

मुझे कोई दिक्कत नहीं है और ऐसा सोचने का कोई कारण भी नहीं है कि मेरी प्रतिष्ठा कम हुई है, क्योंकि मुझे अपने काम की अच्छी समझ है। अगर कोई कहता है कि मेरा स्वभाव चिड़चिड़ा है, तो यह गलत है। निजी जीवन में शायद मुझे गुस्सा आ जाए, लेकिन कोचिंग के दौरान मैं ऐसा नहीं होता, क्योंकि मैं एक प्रोफेशनल हूं और जानता हूं कि क्या करने की ज़रूरत है। एक कोच खिलाड़ी का दोस्त नहीं हो सकता, क्योंकि अगर मैं खिलाड़ी का दोस्त बन जाऊँ, तो मैं उसे टीम से बाहर नहीं कर पाऊँगा। मैं एक कोच हूं, उनका दोस्त नहीं।” उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जिन लोगों ने भी उनके (महिला क्रिकेटरों) साथ काम किया, उन्होंने उनके हिसाब से खुद को ढाल लिया। लेकिन अगर महिला क्रिकेटर अपने ‘कंफर्ट ज़ोन’ में रहेंगी, तो उनमें कोई सुधार नहीं होगा। मुझे लगा कि विदेशी कोचों ने भी यही किया। मुझे लगता है कि ऐसा करके (समझौता करके और चुप रहकर) कोच अपनी नौकरी सुरक्षित कर लेते हैं।”

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग शुरू करने की कोशिश को रोका