यशवंत पाण्डेय ने स्वर्ण, मूसेफ गाजी सूर्य प्रकाश सिंह ने कांस्य पदक जीता
जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर की जूडो टीम ने ईस्ट जोन विश्वविद्यालयीन जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय के लिए तीन पदक हासिल किए हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय में 3 से 6 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बस्तर विश्वविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी यशवंत पाण्डेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया, वहीं मूसेफ गाजी सूर्य प्रकाश सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया।
तीनो खिलाडिय़ों की इस शानदार उपलब्धि से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर सहित पूरे बस्तर संभाग में हर्ष और उत्साह का माहौल है। खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल से विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर टीम के कोच मारुति नंदन मरकाम, क्रीड़ा अधिकारी सत्यनारायण सोनत, खेल संचालक बी.एल. केवट, बस्तर जूडो संघ के अध्यक्ष किरण सिंह देव, सचिव अब्दुल मोईन, दंतेवाडा जूड़ो संघ के सचिव सरजीत सिंह अधिकारी विजय बोरकर सहित खेलप्रेमियों ने दोनों विजेता खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्तर विश्वविद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
