रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 7 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने के बीच कहीं-कहीं हल्की धूप भी देखने को मिल रही है। मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरायपाली में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर और कोंटा में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
– माना एयरपोर्ट रायपुर: 31.0°C / 22.8°C
– बिलासपुर: 29.8°C / 22.6°C
– पेंड्रा रोड: 29.6°C / 18.4°C
– अंबिकापुर: 24.6°C / 19.7°C
– जगदलपुर: 26.4°C / 21.6°C
– दुर्ग: 28.2°C / 20.2°C
सक्रिय है मौसमी सिस्टम
पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
