भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : विष्णुदेव साय

Follow Us
लोकतंत्र को कमजोर करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ ही निकाली गई है यह पदयात्रा : विष्णुदेव साय
रायपुर जिले की “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” पदयात्रा एवं विशाल रैली सम्पन्न
रायपुर। भाजपा जिला द्वारा गुरुवार को राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ” पदयात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली में हजारों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन के लोग सरकार में बैठने और प्रधानमंत्री बनने की लालसा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का विरोध करते-करते अब पूरे देश का विरोध करने पर उतारू हो गए हैं और देश में अराजकता फैलाकर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लोकतंत्र की जननी है, दुनिया के सभी देश हमारे लोकतंत्र की सराहना करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब ये चुनाव हार जाते हैं तो कभी ईवीएम में दोष लगाते हैं, कभी चुनाव आयोग में दोष लगाते हैं। जब जीत जाते हैं तो वही चुनाव आयोग उन्हें अच्छा लगने लगता है। कांग्रेस का यही दोहरा चरित्र उसकी हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन के लोग भाजपा-एनडीए के ऊपर वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हैं, जबकि खुद कांग्रेस का इतिहास ही लोकतंत्र की हत्या का इतिहास है। जब देश आजाद हुआ और प्रधानमंत्री चुनने की बात आई, उस समय कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल जी के पक्ष में थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के पक्ष में एक भी नेता नहीं था। इसके बावजूद पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को प्रधानमंत्री बना दिया गया। तो असली वोट चोर कौन हुआ? वोट चोर कांग्रेस है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में और हर जिला-जिला में लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ पदयात्रा का आयोजन हो रहा है, ताकि जनता के सामने कांग्रेस की अराजक मानसिकता का सच लाया जा सके।यह रैली रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर एवं रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में निकाली गई।
रैली में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव – 
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का महाअभियान है। भारत में लोकतंत्र की जड़ें अत्यंत मजबूत हैं, यहां 148 करोड़ जनता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग खड़ी है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल – 
उन्होंने कहा कि कुछ तत्व प्रजातंत्र को संकट में डालकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। विदेशों से कुछ समूहों और नेताओं के द्वारा भारत को नेपाल बना देने, बांग्लादेश बना देने की धमकियां दी जा रही हैं। देश की जनता इस अराजक मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा— 
लोकतंत्र भारत की आत्मा है और इसकी मजबूती हम सभी की जिम्मेदारी है। आज अराजकता, भ्रम और समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ जनता एकजुट होकर खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के नए युग की ओर अग्रसर है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित और विकसित भारत के संकल्प के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता रहेगा।”»