जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह घूमने निकले ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल, चांपा भेज दिया है। फिलहाल शव को अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र और पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज उसके पास नहीं मिला है। युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। इसी हुलिए के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की तस्वीर आसपास के थानों में भेजी है और गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है, ताकि युवक की पहचान हो सके।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आम लोगों से युवक की पहचान के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर चांपा थाने को सूचित करने की अपील की है।
