सारंग एयर शो के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 3 रूट से पहुंचेगे दर्शक; बनाए गए 10 पार्किंग जोन

Follow Us

रायपुर। राज्योत्सव के दौरान 1 और 2 नवंबर को सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम हवाई करतब दिखाएगी। इस आयोजन में दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए हैं। पार्किंग को भी तीनों दिशाओं से आने वाले वाहनों के अनुसार व्यवस्थित किया गया है।

आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर से आने वाले लोग सेरीखेड़ी-नवागांव की ओर से आयोजन स्थल पहुंच सकेंगे। उमरिया और नवागांव रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग से पार्किंग तक जाने का रास्ता मिलेगा। इस ओर से आने वाले वाहनों के लिए पी-7 से पी-10 तक स्थान निर्धारित किए गए हैं।

रायपुर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव के दर्शकों को फुंडहर चौक से जैनम तिराहा, सेरीखेड़ी और एयरपोर्ट टर्निंग होते हुए आगे बढ़ना होगा। क्रिकेट स्टेडियम और सेक्टर-22 टर्निंग के बाद कबीर चौक से अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सकेगा। इनके वाहनों के लिए पी-1 से पी-6 तक पार्किंग रहेगी।

कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, राजिम और अभनपुर से आने वाले वाहन माना-तूता मार्ग से सेक्टर-22 टर्निंग पहुंचेंगे। वहां से झांकी और उपरवारा मार्ग होते हुए कबीर चौक के जरिए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने दर्शकों से आग्रह किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने क्षेत्र के लिए तय रास्ते की जानकारी ले लें। रास्ते में यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें, ताकि एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।