अम्बिकापुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने पर कृषि विज्ञान केंद्र, सरगुजा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कृषि मंत्री रामविचार नेताम और सांसद चिंतामणि महाराज शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में कुल 18,680 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसके तहत सरगुजा जिले के 87,796 किसानों को 18.10 करोड़ रुपये की राशि मिली।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और करीब 200 किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कृषि अवसंरचना के तहत विकसित 521 इकाइयां राष्ट्र को समर्पित कीं और 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर का शुभारंभ किया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में आर्थिक मदद मिल रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। किसानों की मांग पर उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र में नए प्रशिक्षण भवन के निर्माण की घोषणा भी की।
सांसद चिंतामणि महाराज ने किसानों को प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि पद्धतियों से उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की अध्यक्ष दिव्या सिंह सिसोदिया ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने के लिए प्राकृतिक खेती पर जोर दिया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने मिट्टी परीक्षण के आधार पर खाद का उपयोग करने और मृदा स्वास्थ्य सुधारने के लिए ढेंचा जैसी फसलें अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत किसानों को सरसों के बीज वितरित किए गए। पीएम किसान योजना के लाभार्थियों ने मिलने वाली राशि के उपयोग और खेती में उससे हुए लाभ के अनुभव साझा किए। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत फसल उत्पादन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, नई कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सरगुजा और सूरजपुर जिले के कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा किसान मौजूद रहे।

