बालोद में हाईवे किनारे गूंजी किलकारी, पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्यकर्मियों ने कराया प्रसव

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से एक गर्भवती महिला को समय पर मदद मिली। सोनोग्राफी और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए पति के साथ धमतरी जा रही महिला को रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्यकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे ही प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

फागुनदहा चौक के पास बिगड़ी स्थिति
जानकारी के अनुसार, गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ स्वास्थ्य जांच और सोनोग्राफी कराने धमतरी जा रही थीं। इसी दौरान फागुनदहा चौक के पास उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। परेशानी बढऩे पर महिला सड़क किनारे बैठ गईं।

बिलासपुर में हवाई सुविधाओं की मांग को लेकर सात साल से आंदोलन, समिति ने निकाला उल्टा मार्च

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम
महिला की स्थिति देखकर राहगीरों ने हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। इसके बाद आरक्षक मनोज मेश्राम, आरक्षक थमेंद्र देवांगन और वाहन चालक हीरेन्द्र साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने पुरुर शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों को अपने वाहन के जरिए मौके तक पहुंचाया।

स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से सुरक्षित प्रसव
मौके पर पहुंचीं स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ माधवी धुरु, स्टाफ नर्स भारती साहू और वार्ड आया यशोमति साहू ने प्रसव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मदद से महिला ने सड़क किनारे ही एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। नवजात का वजन 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है। पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते महिला को सहायता मिल सकी। इस घटना ने एक बार फिर आपात स्थिति में पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता की अहमियत को सामने रखा है।