एक नवंबर की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर कांग्रेस की 29 को होगी बैठक

Follow Us

यमुनानगर। एक नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर हरियाणा में यमुनानगर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की महत्वपूर्ण बैठक 29 अक्टूबर को जगाधरी में बुलाई गई है। बैठक पूर्वाह्न 10 बजे जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण कार्यालय, त्रिकोना चौक के निकट, जगाधरी में होगी। इसमें महारैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण यमुनानगर के अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बैठक में रैली की तैयारियों, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, प्रचार-प्रसार, वाहनों की व्यवस्था और संगठन की भूमिका को लेकर चर्चा की जाएगी।

अमृतसर में 10 विदेशी .30 बोर पिस्तौल और मैगजीन बरामद, तीन गिरफ्तार

उन्होंने जिले के सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, विभिन्न फ्रंटल संगठनों- महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से समय पर बैठक में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए महारैली को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

बैठक में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के प्रभारी एवं पूर्व विधायक लहरी सिंह विशेष रूप से शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी में रैली से संबंधित तैयारियों पर चर्चा होगी और कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। गुर्जर ने कहा कि यह महारैली लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने के लिए है। जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।