बिलासपुर में हवाई सुविधाओं की मांग को लेकर सात साल से आंदोलन, समिति ने निकाला उल्टा मार्च

Follow Us

बिलासपुर। बेहतर हवाई सुविधाओं और पूर्ण विकसित एयरपोर्ट की मांग को लेकर बिलासपुर में जारी आंदोलन के सात साल पूरे हो गए हैं। सातवीं वर्षगांठ पर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित धरना स्थल से कलेक्टर कार्यालय तक उल्टा मार्च निकालकर विरोध जताया। समिति ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के बाद 1 मार्च 2021 को बिलासपुर से हवाई सेवा शुरू हुई, लेकिन समिति का कहना है कि शहर को अब भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिली हैं। वर्तमान में करीब 1500 मीटर लंबे रनवे के कारण छोटे एटीआर विमानों का ही संचालन हो पा रहा है। बड़े विमानों की उड़ान और हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए रनवे की लंबाई बढ़ाने तथा एयरपोर्ट का समुचित विकास करने की मांग की जा रही है।

समिति ने आरोप लगाया कि बिलासपुर में बड़े राजनीतिक पदों पर नेताओं की मौजूदगी के बावजूद एयरपोर्ट का अपेक्षित विकास नहीं हो रहा है। समिति के अनुसार, बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों, व्यापारियों तथा उद्योगों को लाभ मिल सकता है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हवाई सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। सात साल बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर समिति ने आंदोलन तेज करने का संकेत दिया है। उल्टा मार्च के बाद अब ‘नगाड़ा बजाओ अभियान’ शुरू करने की चेतावनी दी गई है। समिति ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर को पूर्ण विकसित एयरपोर्ट का दर्जा और बेहतर हवाई सुविधाएं मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।