चिरमिरी में मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ी भीड़, पहले दिन 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन

Follow Us

चिरमिरी। नगर पालिका निगम क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में बुधवार को सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ पहुंची। दोपहर 1 बजे तक एक हजार से अधिक लोगों का पंजीयन हो चुका था। शिविर में कुल 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कैंप का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और डॉक्टरों व स्वास्थ्य विभाग की टीम से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, महापौर रामनरेश राय सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच और उपचार कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अगले दिन रायपुर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ टीम भी कैंप में सेवाएं देगी।

गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन मरीजों को दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े शहरों में इलाज की जरूरत होगी, उनके उपचार की व्यवस्था कराई जाएगी और आने-जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने के साथ जरूरतमंदों को छड़ी और श्रवण यंत्र बांटे गए। इसके अलावा 8 डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए और शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। देहदान के प्रति जागरूकता अभियान के दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया। आयोजकों के मुताबिक अब तक 10 लोगों ने देहदान के लिए सहमति दी है, जबकि 3 लोग संकल्प ले चुके हैं। विशेषज्ञों की जांच और उपचार की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों में शिविर को लेकर उत्साह नजर आया।