नाश्ते में बनाएं स्वादिष्ट दलिया चीज़ी नगेट्स, बच्चों से बड़ों तक सभी करेंगे पसंद
रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो नाश्ते में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करें। दलिया, सब्जियों और चीज से तैयार दलिया चीज़ी नगेट्स स्वाद में लाजवाब होने के साथ एक पौष्टिक विकल्प भी हो सकते हैं। इन्हें नाश्ते के अलावा शाम के स्नैक्स के तौर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है।
दलिया चीज़ी नगेट्स बनाने के लिए सामग्री
० 1 कप दलिया
० 1 कप बारीक कटी गाजर
० ½ कप बारीक कटी शिमला मिर्च
० ½ कप उबले और मैश किए हुए आलू
० ½ कप बारीक कटा प्याज
० ½ कप कद्दूकस किया हुआ चीज
० 2 बारीक कटी हरी मिर्च
० 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
० ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
० ½ चम्मच चाट मसाला
० ½ चम्मच गरम मसाला
० स्वादानुसार नमक
० 2-3 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स
० सेंकने या हल्का फ्राई करने के लिए तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले दलिया को अच्छी तरह धोकर कुछ देर पानी में भिगो दें। इसके बाद इसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। अब एक पैन में दलिया डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और इसे नरम होने तक पकाएं। ध्यान रखें कि दलिया बहुत ज्यादा पतला न हो। पकने के बाद इसे ठंडा होने दें।
एक बड़े बाउल में पका हुआ दलिया, मैश किए हुए आलू, गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसमें कद्दूकस किया हुआ चीज, नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें।
अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे, तो इसमें ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं। अब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लें और उन्हें नगेट्स का आकार दें। आप इन्हें गोल, अंडाकार या अपनी पसंद के आकार में बना सकते हैं।
अब नॉन-स्टिक पैन गर्म करके उसमें थोड़ा तेल डालें। तैयार नगेट्स को पैन में रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी बनाया जा सकता है।
गरमा-गरम दलिया चीज़ी नगेट्स को टोमैटो सॉस, हरी चटनी या दही की डिप के साथ सर्व करें। दलिया, सब्जियों और चीज का कॉम्बिनेशन इन नगेट्स को स्वादिष्ट और मजेदार बनाता है। कम तेल में तैयार किए जाने पर ये नाश्ते या स्नैक्स के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।
