कोंडागांव। यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर यातायात पुलिस ने जागरूकता बाइक रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित रैली के जरिए पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन के साथ ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया। रैली को एडिशनल एसपी कपिल चंद्रा, डीएसपी रूपेश कुमार और डीएसपी सिद्धार्थ बघेल की मौजूदगी में रवाना किया गया। इस दौरान वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई।
बाइक रैली पुलिस लाइन कोंडागांव से शुरू होकर मर्दापाल चौक, रेस्ट हाउस चौक, जयस्तंभ चौक, रायपुर नाका, जामकोट पारा और पुराने बस स्टैंड से होते हुए जिला अस्पताल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, गति नियंत्रित रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही साइबर जागृति अभियान के तहत नागरिकों को ऑनलाइन अपराधों से बचने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाता है।
