दुर्ग के गनियारी स्कूल में परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरा, तीन छात्र घायल

Follow Us
  • स्कूलों में सुरक्षा और किताबों की कमी पर, अरुण वोरा ने सरकार को घेरा 

दुर्ग। दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल, गनियारी में त्रैमासिक परीक्षा के दौरान कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से तीन विद्यार्थी घायल हो गए। इस घटना के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने स्कूलों की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था और पाठ्यपुस्तकों की कमी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। हादसे के समय कक्षा में करीब 50 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे। अचानक प्लास्टर गिरने से तीन बच्चे चोटिल हो गए, जिनमें छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई है।

यह घटना स्कूल भवनों के रखरखाव की पोल खोलती है। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि समस्या केवल जर्जर भवनों तक सीमित नहीं है। प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की भारी किल्लत है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले में ही सत्र शुरू होने के महीनों बाद और त्रैमासिक परीक्षा के दौरान भी 92,000 से अधिक किताबों की कमी है, जिससे बच्चे पुरानी किताबों और बुक बैंक के सहारे परीक्षा देने को मजबूर हैं।

राजधानी रायपुर सहित अन्य जिलों में भी यही स्थिति है।अरुण वोरा ने मांग की है कि सरकार पाठ्यपुस्तक वितरण की स्कूलवार स्थिति सार्वजनिक करे, जिन स्कूलों में कमी है वहां तुरंत किताबें भेजी जाएं और जर्जर भवनों की जांच कर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करने के बजाय यह सुनिश्चित करे कि हर सरकारी स्कूल में बच्चों को समय पर पूरी किताबें, सुरक्षित भवन और मूलभूत सुविधाएं मिलें।