एमसीबी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में चल रहे सेवा सेतु शिविरों की कड़ी में मंगलवार को जनपद पंचायत खड़गवां के सभाकक्ष में शिविर आयोजित किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने यहां पहुंचे हितग्राहियों को राशन कार्ड से संबंधित सुविधाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और विभिन्न खाद्य योजनाओं की जानकारी दी। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाले इन शिविरों में लोगों को राशन कार्ड में आधार और मोबाइल नंबर जोड़ने के साथ ई-केवाईसी पूरी करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। जिन लोगों की यह प्रक्रिया अभी बाकी है, उन्हें जल्द इसे पूरा कराने की सलाह दी गई, ताकि सरकारी खाद्य योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न आए।
शिविर में खाद्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों के राशन कार्ड से जुड़े सवालों का जवाब दिया और जरूरी दस्तावेज व प्रक्रिया की जानकारी दी। हितग्राहियों को राशन कार्ड में दर्ज जानकारी समय-समय पर अपडेट रखने तथा ई-केवाईसी कराने के महत्व से भी अवगत कराया गया। शिविर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। जिला प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की अपील की है।
