महासमुंद। छत्तीसगढ़ महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टेमरी नाका में जांच के दौरान एक होंडा कार से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर नगदी, कार और मोबाइल सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार (OD 05 PB 2122) को रोककर जांच की गई। कार चालक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27) निवासी मुंडापला, थाना बेलपला जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। वहीं उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) निवासी वार्ड क्रमांक 02, डेली मार्केट कांटाबांजी जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया।
कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके कार सवार
जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे, इस तरह कुल 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने पुलिस को बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है, जिसे कांटाबांजी से रायपुर स्थित मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को देने के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस द्वारा धारा 94 बीएनएस के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने के बाद भी वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपए नगद, करीब 10 लाख रुपये कीमत की होंडा कार और लगभग 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 85 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में दोनों लोगों को हिरासत में लेकर रकम के स्रोत और उपयोग को लेकर आगे की जांच कर रही है।
