रायपुर ग्रामीण और बीरगांव क्षेत्र को 37.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Follow Us
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोक निर्माण विभाग के महत्वपूर्ण सड़क कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर । रायपुर जिले के ग्रामीण एवं बीरगांव क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत हुई। माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के मुख्य आतिथ्य में लोक निर्माण विभाग के विभिन्न मार्गों सहित विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बीरगांव में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव जी ने की। कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लोक निर्माण विभाग द्वारा कुल 4 महत्वपूर्ण कार्यों, लगभग 37.70 करोड़ (3769.52 लाख) की लागत से किए जाने वाले कार्यों का भूमिपूजन/लोकार्पण किया गया। इनमें उरला–गोमची–बेन्द्री–नंदनवन मार्ग के 19.80 किमी हिस्से का 18.85 करोड़ की लागत से मजबूतीकरण तथा उरला–गुमा–हीरापुर–सोनडोंगरी–तेन्दुआ मार्ग के 9.50 किमी हिस्से का 13.80 करोड़ की लागत से मजबूतीकरण शामिल है।

इसके अतिरिक्त बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मार्गों का 2.95 करोड़ की लागत से डामरीकरण एवं उन्नयन तथा उरला (सिलतरा) स्थित अग्निशमन केन्द्र भवन का 2.09 करोड़ की लागत से निर्माण पूर्ण होने पर लोकार्पण किया गया।

इन विकास कार्यों से उरला, बीरगांव, गुमा, हीरापुर, सोनडोंगरी, तेन्दुआ, बेन्द्री, नंदनवन सहित आसपास के क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी और आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मार्गों के सुदृढ़ीकरण से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े आवागमन को भी सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।