रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ वेस्ट जोन पुलिस ने लगातार दो दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 14.555 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। सरस्वती नगर, कबीर नगर और टिकरापारा पुलिस की तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया। पुलिस ने गांजे के साथ ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन समेत करीब 9.56 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पान मसाला की आड़ में 9.440 किलो गांजा
पहली कार्रवाई सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा के वाटिका नगर खाली मैदान के पास ई-रिक्शा में सवार दो लोग गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने ईशु दास क्षत्रिय (44) और संजु महानंद (27)को पकड़ा। तलाशी में मधुबन पान मसाला सजल लिखी पैकिंग के भीतर टेप से लिपटा 9.440 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे और ई-रिक्शा की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 20(ख), 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
कबीर नगर में 2.615 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई कबीर नगर थाना क्षेत्र के फेस-04 में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर गुरमीत मार्कण्डेय (24) को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया। तलाशी में 2.615 किलो गांजा, POCO और VIVO के दो मोबाइल तथा TVS Raider मोटरसाइकिल बरामद हुई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 81,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 198/2026 में धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई गई।
भाठागांव बस स्टैंड पर गांजा बेचने की तैयारी, 2.5 किलो के साथ आरोपी गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठागांव बस स्टैंड पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में है। टीम ने घेराबंदी कर शैफ अली उर्फ बाबू जी.एस.टी. (31) को पकड़ा। उसके पास से पीले थैले में खाकी टेप से लिपटा 2.500 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई, बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 890/2026 में धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस का साफ संदेश—नशे के नेटवर्क पर जारी रहेगा प्रहार
डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया (IPS) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की सप्लाई करने वालों, संरक्षण देने वालों और अवैध कारोबार में सहयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी ।
