महिला की संदिग्ध मौत, जांच के लिए कब्र से निकाला गया शव

Follow Us

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के तर्रा गांव में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कब्र की दोबारा खुदाई कराकर शव बाहर निकलवाया है। पांडुका पुलिस ने फोरेंसिक टीम और राजिम के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की पहचान बबीता (32) के रूप में हुई है। मायके पक्ष के अनुसार, 16 सितंबर को बबीता के भाई ने उसे तीजा के बाद स्वस्थ हालत में ससुराल छोड़ा था। उसी रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद 17 सितंबर को ससुराल पक्ष ने शव का कफन-दफन कर दिया।

मायके पक्ष ने महिला की नाक से खून आने समेत कुछ अन्य परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने पति मनोज पर भी संदेह जाहिर किया है। उनका दावा है कि दोनों के बीच घरेलू विवाद होते रहते थे। बताया गया है कि वर्ष 2019 में पति के खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ था।

शिकायत के बाद पुलिस ने प्रशासन की अनुमति से कब्र से शव निकलवाया। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही बबीता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।