किरंदुल में गोदाम की दीवार तोड़कर चोरी, वेल्डिंग मशीन समेत सामान बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल थाना पुलिस ने गोदाम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वेल्डिंग मशीन, केबल वायर और लोहे का एंगल बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 19-20 अगस्त की दरम्यानी रात किरंदुल स्थित के.व्ही.एस. गोदाम में चोरों ने दीवार तोड़कर प्रवेश किया और वहां रखे एमएस प्लेट, एंकर बोल्ट, वेल्डिंग मशीन, दो मोबाइल फोन सहित अन्य लोहे का कबाड़ चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 61,800 रुपये बताई गई है। शिकायत मिलने के बाद किरंदुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ियों को डिप्टी सीएम साव ने कीट वितरण कर दी बधाई

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर छोटू कड़ती (25), निवासी ग्राम मदाड़ी, पटेलपारा, थाना टिकनपाल को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की वेल्डिंग मशीन, केबल वायर और लोहे का एंगल बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन और किरंदुल अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई।