रायपुर । राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित गणेश मंदिर के पास महादेव घाट रोड पर सोमवार को चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,कैलाश निषाद (20 वर्ष), निवासी निषादपारा, रायपुरा, अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान टीकेंद्र देवांगन (20 वर्ष), पिता केतराम देवांगन, निवासी चंगोराभाठा, स्कूटी से वहां पहुंचा और कैलाश को रोककर बिना किसी बातचीत के अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया।
नागपुर में क्लोरीन गैस लीक: मचा हड़कंप, 20 लोग अस्पताल में भर्ती
हमले के दौरान कैलाश ने किसी तरह चाकू हमलावर से छीन लिया और आत्मरक्षा में उसी चाकू से टीकेंद्र पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से टीकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
डीडी नगर थाना पुलिस ने घटना के संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, हमले के कारण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। आत्मरक्षा के पहलू सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
