रोज-रोज वही पोहा, उपमा या पराठे खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो नाश्ते में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई कर सकते हैं। ऐसी डिश जो बच्चों को भी पसंद आए और बड़े भी इसे चाव से खाएं। इस लिहाज से सूजी पिज्जा पॉकेट्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
बाहर से कुरकुरे और अंदर से चीज़ व स्वादिष्ट सब्जियों की फिलिंग से भरपूर ये पिज्जा पॉकेट्स खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नाश्ते के अलावा इन्हें बच्चों के टिफिन या शाम के स्नैक के तौर पर भी बनाया जा सकता है। अगर आप भी घर पर कुछ नया और टेस्टी बनाने की सोच रहे हैं, तो नोट कर लें सूजी पिज्जा पॉकेट्स की आसान रेसिपी।
सूजी पिज्जा पॉकेट्स बनाने के लिए सामग्री
० सूजी – 1 कप
० दही – ½ कप
० बारीक कटी शिमला मिर्च – ½ कप
० बारीक कटा प्याज – ½ कप
० उबला हुआ कॉर्न – ¼ कप
० चीज़ – ½ कप
० पिज्जा सॉस – 2-3 बड़े चम्मच
० चिली फ्लेक्स – ½ छोटा चम्मच
० ऑरिगेनो – ½ छोटा चम्मच
० नमक – स्वादानुसार
० पानी – जरूरत के अनुसार
० तेल – सेंकने के लिए
सूजी पिज्जा पॉकेट्स बनाने की विधि
1 . सबसे पहले एक बाउल में सूजी, दही और थोड़ा-सा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें।
इस घोल को करीब 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
2 . इस बीच पिज्जा की फिलिंग तैयार कर लें। इसके लिए एक दूसरे बाउल में बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च, उबला हुआ कॉर्न, चीज़, पिज्जा सॉस,
ऑरिगेनो और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छी तरह मिला लें।
3 . अब तैयार सूजी के घोल को एक बार अच्छी तरह फेंट लें। तवे को गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं और सूजी के घोल को गोल आकार में फैलाएं। इसे
हल्का पकने दें।
4 . इसके बाद बीच में तैयार पिज्जा फिलिंग रखें और सावधानी से इसे पॉकेट का आकार दें। दोनों तरफ थोड़ा-सा तेल लगाकर इसे धीमी-मध्यम आंच पर
सेंकें। पॉकेट्स को तब तक पकाएं, जब तक वे बाहर से सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं।
गरमा-गरम करें सर्व
तैयार सूजी पिज्जा पॉकेट्स को गरमा-गरम टोमैटो सॉस, मेयोनीज या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें। बाहर से कुरकुरे और अंदर से चीज़ी व स्वादिष्ट फिलिंग वाले ये पॉकेट्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकते हैं। नाश्ते, टिफिन या शाम के स्नैक के लिए यह एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प है।
