कीव। यूक्रेन के कृषि क्षेत्र को यूरोपीय संघ से अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद को झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूरोपीय संघ ने बंदरगाहों में जारी लॉजिस्टिक बाधाओं के बीच यूक्रेनी किसानों के लिए प्रस्तावित 22 करोड़ यूरो की अतिरिक्त सहायता देने से इनकार कर दिया है। यूक्रेनी मीडिया ने यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि बंदरगाहों से जुड़ी समस्याओं ने कृषि निर्यात और परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। इससे किसानों और कृषि कारोबारियों के सामने नकदी तथा आपूर्ति संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं।
अमेरिका की सैन्य ताकत पर सवाल, पश्चिम एशिया से एशिया तक बढ़ा दबाव
रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय आयोग पहले से ही मध्यस्थ वित्तीय संस्थाओं के जरिए यूक्रेनी बैंकों के ऋण कार्यक्रमों को समर्थन देता है। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों और अन्य उद्यमियों को वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जाती है। यूक्रेन के कृषि मंत्रालय ने छोटे और मध्यम कृषि उत्पादकों के कर्ज पर ब्याज की भरपाई के लिए अतिरिक्त सहायता की मांग की थी। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि बंदरगाहों की लॉजिस्टिक समस्याओं के कारण 2026-27 में कृषि निर्यात आधा रह सकता है, जिससे किसानों पर आर्थिक दबाव और बढ़ने की आशंका है।
