*प्रात: 7:30 बजे दंतेवाड़ा चौक से शुरू होगा सद्भावना दौड़*
सुकमा । स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर को जनभागीदारी और देशभक्ति के उत्साह से जोड़ते हुए जिला प्रशासन सुकमा एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 7:30 बजे दंतेवाड़ा रोड चौक से होगा। दौड़ दंतेवाड़ा रोड चौक से प्रारंभ होकर पटनम पारा चौक होते हुए बस स्टैंड सुकमा में संपन्न होगी। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता को और मजबूत करना है।
Read more:- सुदृढ़ कृषि व्यवस्था और पारदर्शी सुशासन से बदल रहा छत्तीसगढ़ के किसानों की तकदीर
इस भव्य आयोजन को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले के सभी वर्गों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। दौड़ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक एवं खेल संगठनों, एनसीसी, स्काउट-गाइड, एनएसएस, रेड क्रॉस, पुलिस एवं वन विभाग के जवानों तथा मीडिया प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाला यह आयोजन सुकमा में राष्ट्रीय एकता और सामुदायिक एकजुटता का जीवंत संदेश देगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे तिरंगा लेकर अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति के इस उत्सव को यादगार बनाएं। प्रशासन की यह पहल स्वस्थ समाज, मजबूत सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हर कदम तिरंगे के नाम के संकल्प के साथ सुकमा एकजुट होकर देशभक्ति की नई मिसाल कायम करने के लिए तैयार है।
