श्यामगिरी पहुंचकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने शहीद भीमा मंडावी समेत 13 शहीदों को किया नमन

Follow Us

दंतेवाड़ा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचकर नक्सली हिंसा में शहीद हुए पूर्व विधायक भीमा मंडावी समेत अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों मंत्रियों ने घटना स्थल का दौरा किया और स्थानीय ग्रामीणों, प्रत्यक्षदर्शियों तथा स्वर्गीय भीमा मंडावी के सहयोगियों से मुलाकात कर उस घटना से जुड़ी यादें और अनुभव सुने। इस दौरान शहीद परिवारों से भी चर्चा की गई और उन्हें मिल रही सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली गई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में जान गंवाने वाले 13 शहीदों की स्मृति में पौधरोपण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के लोगों ने नक्सली हिंसा के दौर में अपनों को खोया है, लेकिन आज क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद अब बस्तर में बिना भय के तिरंगा फहराने का माहौल बना है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।


Read more:-निवेश परियोजनाओं से प्रदेश में 10,921 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर होंगे सृजित


ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में शहीदों की स्मृति में मौन रखा गया और घटनास्थल की मिट्टी भी स्मृति के रूप में सुरक्षित की गई। इस दौरान सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं से भी बातचीत की और उन्हें लघु वनोपज के प्रसंस्करण से जुड़ा प्रशिक्षण लेकर आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शासन की ‘छत्तीसकला’ पहल के तहत बिहान समूहों को मिल रही सहायता का लाभ लेने की बात कही। दोनों मंत्रियों ने राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम के विजेता अरनपुर के मांदरी दल से भी मुलाकात की और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।