मुख्यमंत्री निवास में दिखा छत्तीसगढ़ी रंग, हरेली पर CM साय ने की पूजा-अर्चना

Follow Us

रायपुर। हरेली तिहार के मौके पर नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव, गौमाता और कृषि उपकरणों की पूजा कर प्रदेश में अच्छी बारिश, बेहतर फसल और किसानों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री पारंपरिक वेशभूषा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ पिंक ऑटो से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने गौशाला में गाय और बछड़े को चारा, गुड़-चना और पारंपरिक लोंदी खिलाई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और डॉ. रमन सिंह ने पारिजात का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


Read more:- हरेली पर डिप्टी CM अरुण साव ने की पूजा, प्रदेशवासियों को दी बधाई


कार्यक्रम में गेड़ी, बिल्लस, गोटी और बाटी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ छत्तीसगढ़ी लोकगीत और नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ लोकधुनों पर हिस्सा लिया और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसान इंद्र कुमार वर्मा को हार्वेस्टर सब्सिडी के 16 लाख रुपये का चेक दिया और ड्रोन दीदी चंद्रकली वर्मा से कृषि में ड्रोन के इस्तेमाल को लेकर बातचीत की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हरेली सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि खेती, पशुधन, प्रकृति और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि इन परंपराओं को संरक्षित रखते हुए आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देना भी जरूरी है।