पिछले 24 घंटो के दौरान रायपुर के अलग -अलग थाना क्षेत्रों में चोरी ,धोखाधड़ी , तथा मारपीट के मामले दर्ज़

Follow Us

रायपुर। 11 अगस्त (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और सड़क दुर्घटना से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 3.90 लाख की धोखाधड़ी
देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में शेयर बाजार में मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 3 लाख 90 हजार 960 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने प्रार्थी तेजस्वी पाण्डेय और उसके परिचितों को शेयर बाजार में मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि एसी और मोबाइल फोन फाइनेंस कराकर उनकी बिक्री के माध्यम से रकम प्राप्त की गई, लेकिन बाद में राशि वापस नहीं की गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

० ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर चोरी
टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा कॉलोनी स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स में अज्ञात चोर ने दुकान का शटर/ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपी दुकान से सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

read more :-  छत्तीसगढ़ में बारिश का ब्रेक जल्द होगा खत्म, 3 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून; कई जिलों में यलो अलर्ट

० मां को गाली देने से रोकने पर युवक से मारपीट
खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतमपुर कला में मां को गाली देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी मिथुन मारकंडे और पुरण मारकंडे प्रार्थी की मां को गाली दे रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

० तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, वाहन क्षतिग्रस्त
खम्हारडीह थाना क्षेत्र में आनंद वल्र्ड सिटी के सामने एक कार चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दूसरी कार को टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार कार के चालक ने तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए प्रार्थिया की कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद गाली-गलौज करने का भी आरोप है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296 और 281 के तहत अपराध दर्ज किया है।

० पुरानी रंजिश में युवक पर ईंट से हमला
खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी स्थित सेंधवार तालाब के पास पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने प्रार्थी रोशन लाल वर्मा के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी और धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों की पतासाजी की जा रही है, जबकि मारपीट से जुड़े मामलों में पुलिस घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।