रायपुर। 10 अगस्त 2026 (आरएनएस) राजधानी रायपुर में एक महिला के साथ कथित तौर पर दो अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि राजधानी में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि महिला के साथ पहले सरोना शराब भट्टी के पास सामूहिक दुष्कर्म किया गया और इसके बाद आरडी तिवारी स्कूल, आमापारा के मैदान में भी उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई। उन्होंने कहा कि राजधानी में इस तरह की वारदात होना सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पर कानून व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो सरकार नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे सकती, उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
Read more :– प्रैक्टिकल में फेल करने का आरोप,13 छात्रों ने शिक्षक के खिलाफ कलेक्ट्रेट में की शिकायत
कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार को घेरा। राजपूत के मुताबिक, पिछले ढाई साल में प्रदेश में दुष्कर्म के 8,191 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि औसतन रोजाना 8 से 9 महिलाएं या बच्चियां दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर के अलावा बिलासपुर और कोरबा में भी महिला अपराधों को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है।
वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं और सरकारी आश्रम स्कूलों में नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को थाने में शिकायत दर्ज कराने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और पुलिस को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस ने सरकार से महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने और राजधानी की घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Read more :- भाठागांव बस स्टैंड में विवाद, हेल्पर पर नुकीली वस्तु से हमला; पुलिस से शिकायत
