कवर्धा। सावन के दूसरे सोमवार पर अमरकंटक से भोरमदेव तक निकली कांवड़ यात्रा ने भक्ति और आस्था का माहौल बना दिया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 से अधिक कांवड़िए मां नर्मदा के उद्गम स्थल से जल लेकर 151 किलोमीटर की पदयात्रा पर रवाना हुए। यात्रा शुरू करने से पहले अमरकंटक में मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ में नर्मदा जल धारण कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पत्थलगांव विधायक गोमती साय और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा अमरकंटक शिवमय नजर आया। कांवड़िए पैदल सफर तय करते हुए जलेश्वर महादेव डोंगारिया और ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां मां नर्मदा के जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा लगातार दूसरे वर्ष इस यात्रा में शामिल हो रही हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ के धाम तक पैदल पहुंचना उनके लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और संकल्प का विषय है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जा रही है। इस बार यात्रा में बैगा समाज के 15 महिला-पुरुषों की भागीदारी भी विशेष रूप से चर्चा में रही। हाल ही में सनातन धर्म में वापसी करने वाले इन लोगों ने भी कांवड़ में मां नर्मदा का जल धारण किया और भगवान शिव के जलाभिषेक के संकल्प के साथ पदयात्रा शुरू की। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार यात्रा में अधिक संख्या में कांवड़िए शामिल हुए हैं। अमरकंटक से शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा कई पड़ावों से गुजरते हुए 151 किलोमीटर का सफर तय कर भोरमदेव पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

