नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वालीं भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास अंदाज में उनके भावुक पल का जिक्र किया। रविवार को पीएम आवास पर भारतीय पदक विजेताओं से मुलाकात के दौरान मोदी ने चानू के गोल्ड मेडल जीतने के बाद छलके आंसुओं को याद किया।
पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि, पोडियम पर उनके इतने आंसू बह रहे थे कि, ऐसा लग रहा था, जैसे हर आंसू की बूंद से एक गोल्ड मेडल निकल रहा हो। इस पर चानू ने बताया कि, वह पल उनके लिए बेहद भावुक था। चानू ने कहा कि, पेरिस ओलंपिक में पदक से मामूली अंतर से चूकने के बाद पिछले चार साल उनके लिए आसान नहीं रहे। चोटों और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने वापसी की और कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया।
48 किलोग्राम वर्ग में 190 किलोग्राम का कुल वजन उठाकर चानू ने गोल्ड जीता। इसके साथ ही वह लगातार तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली वेटलिफ्टर बनीं। पीएम से मुलाकात के दौरान चानू ने बताया कि, जब पोडियम पर राष्ट्रगान बजा और तिरंगा ऊपर उठा, तो वह अपनी भावनाएं रोक नहीं सकीं। भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 39 पदक जीते, जिनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल रहे।
