रायपुर। राजधानी रायपुर के रावतपुरा कॉलोनी में चोरों ने एक सराफा दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान की दीवार में छेद कर अंदर दाखिल हुए और करीब 20 किलो चांदी के जेवर, सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रावतपुरा कॉलोनी स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स को निशाना बनाया। रात के समय चोरों ने पहले दुकान की दीवार को तोड़ा और उसमें गड्ढा बनाया। इसके बाद इसी रास्ते से दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान में घुसने के बाद चोरों ने वहां रखे चांदी के जेवर, सोने के आभूषण और नकदी समेटी और मौके से फरार हो गए।
दुकान संचालक को चोरी की जानकारी दुकान खोलने के बाद हुई। दुकान में सामान बिखरा हुआ और दीवार में छेद देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस की टीम दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में चोरों की गतिविधियों और वारदात के दौरान दुकान में प्रवेश करने के लिए इस्तेमाल किए गए रास्ते से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस दुकान में लगे कैमरों के साथ-साथ आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगे CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत का भी आकलन किया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है। मामले में जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
