रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में रायपुर और मुंगेली समेत कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। रायपुर शहर में 12 सेमी, पथरिया में 16 सेमी, लोरमी में 11 सेमी, जबकि लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी बारिश दर्ज की गई। भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी तथा तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार हैं। राजधानी रायपुर में सोमवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
