ईरान के दबाव में अमेरिका: बिना न्यूक्लियर डील युद्ध खत्म करने पर विचार कर रहे ट्रंप, होर्मुज बना सबसे बड़ा मुद्दा

Follow Us

तेहरान/वाशिंगटन। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब ईरान के साथ औपचारिक परमाणु समझौते के बिना भी संघर्ष खत्म करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। इस संभावित फैसले में होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलना अहम शर्त बन सकता है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने अपने करीबी अधिकारियों के साथ बातचीत में संघर्ष खत्म करने के विकल्पों पर चर्चा की है। बताया जा रहा है कि, ईरान अगर होर्मुज से समुद्री यातायात पूरी तरह बहाल करता है, तो अमेरिका सैन्य टकराव कम करने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

हालांकि, तेहरान की शर्तें इस राह को आसान नहीं बना रही हैं। ईरान युद्ध स्थायी रूप से खत्म करने, नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, अमेरिकी सैनिकों की वापसी और प्रतिबंधों में राहत की मांग कर रहा है। इसके अलावा ईरान ने विदेशों में जमा संपत्तियों को मुक्त करने और युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई की मांग भी रखी है। इसी बीच ईरानी सेना के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अली जहानशाही ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि, अगर अमेरिकी सैनिक ईरानी जमीन पर उतरे तो ईरान उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि, क्या होर्मुज के रास्ते अमेरिका-ईरान तनाव कम होगा, या दोनों देशों की शर्तें टकराव को और लंबा करेंगी।