रायपुर। छत्तीसगढ़ पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार को “हाइजैक” कर लिया गया है और इसे मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चला रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में आदिवासी समाज के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने विधायक निवास के लिए जमीन पर कब्जे का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि पूरे प्रदेश में “पैसा कानून” चल रहा है।
पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना
पेपर लीक के मुद्दे पर संजय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2015 से अब तक देश में बड़ी संख्या में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामलों को लेकर सवाल उठाए और कहा कि छत्तीसगढ़ में भी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर मामला सामने आया है।उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्षी राज्यों में ही नहीं, बल्कि भाजपा शासित राज्यों में भी प्रदर्शन होना चाहिए। UPSC परीक्षा से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ अभ्यर्थी अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।
महिला आरक्षण पर भी साधा निशाना
महिला आरक्षण बिल को लेकर संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी देशहित के खिलाफ लिए जाने वाले किसी भी फैसले का विरोध करेगी। उन्होंने मांग की कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने सीटों के परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। संजय सिंह ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में सीटों के बढ़ने से प्रतिनिधित्व को लेकर कई सवाल खड़े होंगे।
UCC को लेकर रखी अपनी बात
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि समाज के कुछ वर्गों के साथ भेदभाव की शिकायतें हैं। उन्होंने इसके लिए दो कमेटियां बनाने की मांग की। एक कमेटी SC, ST और OBC वर्ग के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी करे, जबकि दूसरी कमेटी सभी समाज के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी करे।उन्होंने भाजपा पर समाज में विवाद पैदा करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ऐसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
