नई दिल्ली। छठ महापर्व पर दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। दिल्ली सरकार और बिहार सरकार के बीच प्रस्तावित समझौते के तहत डीटीसी दिल्ली से बिहार के 6 प्रमुख शहरों के लिए 70 स्पेशल बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इस सेवा का मकसद त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ और टिकट की परेशानी को कम करना है।
प्रस्तावित रूट में पटना, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बस रूट इस तरह तैयार किए जाएंगे कि यात्रियों को रास्ते में बस बदलने की जरूरत न पड़े। सेमी-स्लीपर डीलक्स बसों में एसी- एनओएन-एसी दोनों विकल्प उपलब्ध होंगे। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक,डीटीसी इंटरस्टेट सेवा के लिए कुल 149 बसें जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। शुरुआती चरण में 70 बसें चलाई जाएंगी और सेवा छठ से पहले शुरू करने की तैयारी है।
बिहार रूट की बसों के संचालन के लिए आनंद विहार में नया बस टर्मिनल तैयार किया जा रहा है। मेट्रो, रेलवे और बस कनेक्टिविटी वाले इस टर्मिनल से बिहार जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे दिल्ली-NCR में रहने वाले बिहार के प्रवासी, छात्र और परिवारों को त्योहार के दौरान सीधा और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।

