मुंबई। एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने नेशनल हैंडलूम डे के मौके पर अपने खास अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। दिल्ली में ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ के प्रीमियर में पहुंचीं दीया ने अपनी मां की खूबसूरत बनारसी हैंडलूम साड़ी पहनी थी। इस खास लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने भारतीय हथकरघा और देश के कारीगरों के प्रति अपना प्यार जाहिर किया। दीया ने बताया कि उन्हें हाथ से बने भारतीय टेक्सटाइल पहनना और उनकी विरासत को सेलिब्रेट करना बेहद पसंद है। उन्होंने भारतीय कारीगरों की मेहनत और उनकी सदियों पुरानी कला को सम्मान देने की जरूरत पर भी जोर दिया। एक्ट्रेस ने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत के पीछे उन कारीगरों का बड़ा योगदान है, जो अपनी कला और हुनर से इन पारंपरिक कपड़ों को जीवंत बनाए रखते हैं।
दीया के बनारसी साड़ी लुक में ट्रेडिशन और मॉडर्न एलिगेंस का शानदार मेल देखने को मिला। गहरे मैरून-बर्गंडी रंग की साड़ी पर सुनहरे बुने हुए मोटिफ्स और जरी की बारीक डिटेलिंग नजर आई। चौड़े पल्लू पर एंटीक गोल्ड और ब्रॉन्ज टोन के पैटर्न के साथ लाल बॉर्डर ने साड़ी की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। उन्होंने इसे नेवी-ब्लू ब्लाउज के साथ पेयर किया, जिससे शानदार कलर कॉन्ट्रास्ट बना। गोल्ड टोन इयररिंग्स, लेयर्ड ब्रेसलेट और स्टेटमेंट वॉच के साथ उन्होंने अपने लुक को मिनिमल रखा। सॉफ्ट वेव्स में खुले बाल, हल्का आई मेकअप और पिंक लिप्स ने उनके पूरे लुक को बेहद एलिगेंट बना दिया। दीया का यह अंदाज न सिर्फ फैशन के लिहाज से पसंद किया गया, बल्कि भारतीय हथकरघा और कारीगरों के प्रति उनके सम्मान की भी झलक दिखाता है।
