सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल: एक हफ्ते में सोना रु.6,700 से ज्यादा चढ़ा, चांदी रु.2.31 लाख के पार

Follow Us

नई दिल्ली। इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और महंगाई घटने की उम्मीदों के बीच निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना सप्ताहभर में रु.6,761 महंगा होकर रु.1,49,621 प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत रु.1,37,053 और 18 कैरेट सोने की कीमत रु.1,12,216 प्रति 10 ग्राम हो गई। चांदी ने भी तेज रफ्तार दिखाई। इसकी कीमत रु.13,086 बढ़कर रु.2,31,381 प्रति किलोग्राम पहुंच गई।

सप्ताह के दौरान चांदी का सबसे ऊंचा भाव 7 अगस्त को दर्ज किया गया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बनी है। इसके अलावा डॉलर इंडेक्स में नरमी ने भी सोने और चांदी को सपोर्ट दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना करीब 4,400 डॉलर प्रति औंस और चांदी लगभग 63 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है। कीमती धातुओं में इस तेजी के बीच अब निवेशकों की नजर अगले सप्ताह के बाजार रुख और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर रहेगी।