श्रीलंका सीरीज से पहले टीम इंडिया को झटका: चोट के चलते शुभमन गिल वॉर्म-अप मैच से बाहर, राहुल ने कमान संभाली 

Follow Us

कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम की तैयारियों को झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल उंगली में चोट के कारण श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ जारी तीन दिवसीय वॉर्म-अप मुकाबले के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली। बीसीसीआई के मुताबिक, अभ्यास सत्र के दौरान गिल के दाएं हाथ की अनामिका में चोट लगी थी। एहतियात के तौर पर उन्हें मैच से बाहर रखा गया है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। रिपोर्टों के अनुसार, टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि, गिल पहले टेस्ट के लिए फिट रहेंगे।

इस दौरे पर भारत पहले ही चोटों की चुनौती का सामना कर रहा है। जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी टेस्ट सीरीज से बाहर हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर भी पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। वॉर्म-अप मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के लिए श्रीलंका की परिस्थितियों को समझने का अहम मौका है। पहले दिन श्रीलंका XI ने 363/8 का स्कोर बनाया, जिससे भारतीय गेंदबाजों के लिए भी यह मुकाबला उपयोगी साबित हो रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि, गिल की चोट कितनी जल्दी ठीक होती है और क्या वह गॉल में होने वाले पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे।