*परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अमित कोसमा एवं थाना गोलबाजार पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आमजन, विशेषकर स्कूली विद्यार्थियों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से संचालित जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 07.08.2026 को थाना गोलबाजार क्षेत्र स्थित नगर निगम सरस्वती स्कूल, नयापारा, रायपुर में “संवाद से समाधान” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी गोलबाजार श्री अमित कोसमा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परि. उप निरीक्षक रीतू टेकाम, प्रधान आरक्षक शिवप्रकाश यादव एवं थाना गोलबाजार पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित कर उन्हें वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों से बचाव एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, गुड टच एवं बैड टच, बाल अपराध एवं बाल संरक्षण, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, यातायात नियमों का पालन, नशे के दुष्प्रभाव तथा कानून का पालन करने वाले जागरूक नागरिक बनने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। किसी भी अनजान कॉल, लिंक, क्यूआर कोड अथवा लालच भरे संदेश के झांसे में न आएं तथा अपना ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, यूपीआई पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1091 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया तथा किसी भी आपात स्थिति, महिला अथवा बाल सुरक्षा संबंधी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व को समझने, नशे से दूर रहने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संदेश देते हुए अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। इस संवादात्मक कार्यक्रम से विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता में सकारात्मक वृद्धि हुई।
कार्यक्रम में कुल 98 विद्यार्थी एवं 6 शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने रायपुर पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए थाना गोलबाजार पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
