सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, CBI चार्जशीट में बीजेपी नेताओं के नाम; 11 आरोपियों पर आरोप तय

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा खुलासा किया है। सीबीआई ने कोलकाता की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में 11 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें दो बीजेपी कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं। सीबीआई के अनुसार, बीजेपी कार्यकर्ता सागर सोनकर और उसके भाई साहिब सोनकर पर हत्या की साजिश रचने और उत्तर प्रदेश के शूटरों को सुपारी देने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि दोनों आरोपी चंद्रनाथ रथ के कार्यालय से जुड़े हुए थे और उन्होंने ही कथित तौर पर हत्या की योजना तैयार की। जांच में सामने आया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश दिसंबर 2025 से रची जा रही थी। हालांकि कई कारणों से वारदात को अंजाम देने की तारीख लगातार टलती रही। आखिरकार 6 मई 2026 को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

सीबीआई के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के लिए शूटरों को पैसे दिए गए थे। मामले में अब तक छह शूटरों समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्या और नवीन कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कथित बिचौलियों विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और लंबे समय तक सुवेंदु अधिकारी के साथ काम किया। 2026 विधानसभा चुनाव के दौरान वह भबानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी के चुनाव अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सीबीआई अब इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि हत्या की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।