90 लाख की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

सक्ती। सक्ती पुलिस ने 90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में कार्यरत होने का फायदा उठाकर लोगों को बैंक में गिरवी रखे सोने को कम कीमत में दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रेखा राठौर अपने परिचितों को सस्ते दाम पर बैंक में गिरवी रखा सोना दिलाने का भरोसा दिलाती थी। उसके झांसे में आकर सक्ती निवासी मूलचंद राठौर ने अलग-अलग किस्तों में करीब 90 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। काफी समय तक सोना नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेखा राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।