थाना भ्रमण के दौरान छात्रों को BNS, BNSS, BSA, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी
रायगढ़। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को कानून और पुलिस व्यवस्था के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से भूपदेवपुर थाना में विशेष थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी देते हुए एफआईआर दर्ज करने से लेकर विवेचना, गिरफ्तारी और न्यायालय में चालान पेश करने तक की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। इसके साथ ही छात्रों को थाना परिसर के लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, रिकॉर्ड रूम और पुलिस उपकरणों का भी भ्रमण कराया गया।
जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, नशे से दूर रहने और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 और महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस की “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने कहा कि थाना भ्रमण के बाद उनके मन से पुलिस के प्रति डर खत्म हो गया है और अब वे किसी भी समस्या में बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने के लिए तैयार हैं। शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों में कानूनी जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति सम्मान और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
