प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: रायपुर में युवती की गला दबाकर हत्या, तालाब में फेंका शव

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में विवाद के बाद आरोपी प्रेमी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, नंदनी जैन और आरोपी करण तांडी की पहचान करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को युवती के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर नंदनी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को WRS कॉलोनी स्थित तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। मंगलवार को तालाब में युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतका की पहचान की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।