भाठागांव बस स्टैंड से 10 किलो गांजा जब्त, हरियाणा-यूपी के तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर।  राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाठागांव बस स्टैंड से  10.226 किलोग्राम गांजा  के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत  5 लाख 12 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम)  संदीप कुमार पटेल  के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान  कपिल कटारिया (26) निवासी पानीपत (हरियाणा),  महेश दुबे (32)  निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और  नीरज शर्मा (25)  निवासी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके बैगों से कुल  10.226 किलोग्राम गांजा  बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  अपराध क्रमांक 620/2026 के तहत  एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)  में मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच कर तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पाए गए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।