बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 27.57 लाख का गांजा जब्त, दो महिलाओं समेत चार तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के अभियान के तहत जीआरपी बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से  55 किलो 150 ग्राम गांजा  बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत  27 लाख 57 हजार 500 रुपये बताई गई है।

जीआरपी पुलिस को 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में गांजा लेकर तस्करी की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से  32 पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान  पंकजनी बेहरा (40) ,  रीना पटनायक (60) , दोनों निवासी संबलपुर (ओडिशा),  आयुष कुशवाहा (18)  निवासी बुरहानपुर (मध्यप्रदेश) और  हितेश कुमार भोई (18) निवासी संबलपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रेलवे मार्ग के जरिए गांजे की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।

जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ  एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)  के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें 12 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को  24 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड  पर जेल भेज दिया है।

रेल पुलिस का कहना है कि रेलवे मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में जीआरपी बिलासपुर और रेल सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।