नई दिल्ली। शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है। टोनर पाउडर बनाने वाली इंडियन टोनर्स एंड डेवलपर्स लिमिटेड ने अपने शेयरों के 1:5 स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है। कंपनी ने इसके लिए 17 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की है। इस फैसले के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाला प्रत्येक शेयर अब 2 रुपये फेस वैल्यू वाले पांच शेयरों में बदल जाएगा। कंपनी का कहना है कि, स्टॉक स्प्लिट का उद्देश्य शेयरों को छोटे निवेशकों के लिए अधिक किफायती और सुलभ बनाना है। स्टॉक स्प्लिट से शेयरों की संख्या बढ़ेगी, जबकि कीमत उसी अनुपात में घट जाएगी। हालांकि, निवेशकों के कुल निवेश मूल्य पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन ने भी इस फैसले को मजबूती दी है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 21.34 प्रतिशत बढ़कर 27.23 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं कुल आय 8.38 प्रतिशत बढ़कर 165.81 करोड़ रुपये रही। घरेलू बिक्री में 10.26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि वैश्विक परिस्थितियों के कारण निर्यात में मामूली गिरावट देखने को मिली। विशेषज्ञों का मानना है कि, स्टॉक स्प्लिट से शेयरों में लिक्विडिटी बढ़ सकती है और छोटे निवेशकों की भागीदारी भी मजबूत होने की संभावना है।
