बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में आदिवासी नाबालिग छात्रा को कथित तौर पर प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों जगत वैद और दीपक वैद की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह उर्फ पूजा पैकरा ने बीते बुधवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा IC Mart गई थी, जहां मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया।
आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने छात्रा को डराकर एक कागज पर जबरन लिखवाया कि उसने चोरी की है। इसके बाद छात्रा और उसके परिवार को कथित रूप से ब्लैकमेल किया जाने लगा। पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और बाद में छात्रा के पिता से 50 हजार रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर मार्ट प्रबंधन ने छात्रा की स्कूटी भी जबरन अपने कब्जे में ले ली। बताया जा रहा है कि बाजार में सार्वजनिक रूप से बेइज्जती और लगातार मानसिक प्रताड़ना से आहत छात्रा गहरे सदमे में चली गई, जिसके बाद उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीनों फरार आरोपियों जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर कोरिया पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। इस संवेदनशील मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।


