मासूम को भारत विरोधी नारे सिखाने का आरोप, वसीम मोहम्मद प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार; जांच तेज

Follow Us

रायगढ़। रायगढ़ जिले में महिला प्रताड़ना और नाबालिग बच्चे को कथित तौर पर भारत विरोधी नारे सिखाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपी वसीम मोहम्मद, जो पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के मामले में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में बंद है, को प्रोडक्शन वारंट के जरिए पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को एक महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया तथा उसके नाबालिग पुत्र को कथित तौर पर आपत्तिजनक और भारत विरोधी नारे सिखाए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया और घटनास्थल पर ले जाकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे फिर से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वसीम मोहम्मद (43) को 25 मई 2026 को करीब छह किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था और वह उसी मामले में जेल में बंद है। वर्तमान मामले में वायरल वीडियो, शिकायतकर्ता के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्र विरोधी सोच फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।